
हाथरस 12 दिसंबर । 14 दिसंबर को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में दिल्ली के रामलीला मैदान में एसआईआर और वोट चोरी के विरोध में होने वाली महारैली को लेकर कांग्रेस ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं। बैठक में राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी, राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रभारी उत्तर प्रदेश अविनाश पांडेय, राष्ट्रीय सचिव ब्रज जॉन प्रभारी तौकीर आलम एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय विशेष रुप से उपस्थित रहे। प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारियों एवं जिला/शहर अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि यह लड़ाई सिर्फ पार्टी या चुनाव की नहीं, बल्कि देश की एकता और अखंडता के लिए है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी सत्ता प्राप्त करने के लिए अपनी ताकत का दुरुपयोग कर रही है, लेकिन उत्तर प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ता मजबूत खड़े हैं और कांग्रेस ने हमेशा देश की लड़ाई लड़ी है। बैठक में हाथरस जिलाध्यक्ष विवेक उपाध्याय, शहर अध्यक्ष योगेश कुमार सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष विवेक उपाध्याय ने जनपद हाथरस के सभी कांग्रेसजनों, युवाओं, किसानों, मजदूरों, महिलाओं एवं लोकतंत्र-प्रेमी नागरिकों से अपील की है कि अधिकतम संख्या में 14 दिसंबर को रामलीला मैदान पहुँचें। यह रैली सिर्फ राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र बचाने की साझा पुकार है। आपकी एक-एक उपस्थिति इस लड़ाई को और मज़बूत बनाएगी।















