
हाथरस / दिल्ली 11 दिसंबर । 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में एसआईआर और वोट चोरी के विरोध में होने वाली महारैली को लेकर कांग्रेस ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं। इस क्रम में आज कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के प्रमुख नेताओं की बैठक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी कार्यालय, इंदिरा भवन में आयोजित की। बैठक में हाथरस से कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं कासगंज के कोऑर्डिनेटर चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने प्रियंका गांधी को मोमेंटो और तिरंगा शॉल उड़ाकर सम्मानित किया।
बैठक में तय किया गया कि हाथरस जनपद से 500 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं जनमानस रेल, बस और निजी वाहनों से दिल्ली के लिए कूच करेंगे। प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारियों एवं जिला/शहर अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि यह लड़ाई सिर्फ पार्टी या चुनाव की नहीं, बल्कि देश की एकता और अखंडता के लिए है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी सत्ता प्राप्त करने के लिए अपनी ताकत का दुरुपयोग कर रही है, लेकिन उत्तर प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ता मजबूत खड़े हैं और कांग्रेस ने हमेशा देश की लड़ाई लड़ी है। बैठक में राष्ट्रीय संगठन प्रभारी के.सी. वेणुगोपाल, राष्ट्रीय महासचिव प्रभारी अविनाश पांडे, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और राष्ट्रीय सचिव व ब्रज प्रांत प्रभारी तौकीर आलम ने रैली को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से संवाद किया। बैठक में हाथरस जिला अध्यक्ष विवेक उपाध्याय, शहर अध्यक्ष योगेश कुमार, पीसीसी सदस्य जितेंद्र गौतम, एडवोकेट निखिल वर्ती पाठक सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।










