सादाबाद 10 दिसंबर । शहीद वीरवर गोकुला जाट की प्रतिमा के अनावरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में लखनऊ से नियुक्त अधिकारी डॉ. अशोक सिंह सिकरवार ने हाथरस के बिसावर पहुंचकर प्रतिमा स्थल का विस्तृत सर्वे किया। जाट समाज कल्याण समिति बिसावर की मांग पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाया है।
डॉ. सिकरवार ने श्री बृजेंद्र जनता इंटर कॉलेज परिसर में चिह्नित प्रतिमा स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने समिति पदाधिकारियों से शहीद गोकुला जाट के ऐतिहासिक योगदान के बारे में जानकारी ली। उन्होंने प्रतिमा स्थापना और प्रस्तावित अनावरण कार्यक्रम पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। सर्वे के दौरान कॉलेज परिसर में भूमि और जलस्तर का परीक्षण भी किया गया। अधिकारी ने स्थल की संरचना और उपलब्ध स्थान का जायजा लेने के बाद प्रतिमा स्थापना के लिए इसे उपयुक्त पाया। सर्वे रिपोर्ट शासन के उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है। जाट समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष और पूर्व सूबेदार मेजर सुभाष चौधरी ने बताया कि शहीद वीरवर गोकुला जाट की प्रतिमा अनावरण का प्रस्ताव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजा गया था, जो अब स्वीकृति प्रक्रिया में है। उन्होंने कहा कि शहीद की प्रतिमा की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जो अब पूरी होने वाली है। सर्वे के समय क्षेत्र के प्रमुख व्यक्ति जगबीर सिंह, अभयराज, अशोक प्रमुख, विजेंद्र सिंह, विजय, श्यामवीर सिंह, रामेश्वर सिंह और देवेंद्र सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।













