
हाथरस 08 दिसम्बर । जनपद हाथरस में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने शहर के मुख्य मार्गों के किनारे लगे सभी यूनीपोल को तुरंत हटाने के स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। आज निरीक्षण के दौरान जब डीएम अतुल वत्स सड़क मार्ग से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर सड़क किनारे लगे एक यूनीपोल पर पड़ी। इसे आमजन की सुरक्षा के लिए खतरनाक मानते हुए उन्होंने तत्काल वाहन रुकवाया और मौके पर ही एसडीएम एवं नगर पालिका अधिकारियों को बुलाकर निरीक्षण कराया। निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त आदेश देते हुए कहा कि शहर के मुख्य मार्गों पर लगे सभी अवैध और असुरक्षित यूनीपोल तत्काल हटाए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। डीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके बाद नगर पालिका और प्रशासनिक टीम ने अभियान की तैयारी शुरू कर दी है।














