Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 04 दिसंबर । सेकसरिया सुशीला देवी पब्लिक स्कूल में भारतीय नौसेना दिवस देशभक्ति, सम्मान और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय नौसेना के बलिदान, गौरव, आधुनिक शक्ति तथा इसमें करियर की संभावनाओं के प्रति जागरूक करना रहा। कक्षा 8 की छात्रा कार्णिक जैन ने भारतीय नौसेना के शौर्य, साहस और बलिदान पर प्रेरणादायक भाषण प्रस्तुत कर विद्यार्थियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया और यह भी बताया गया कि नौसेना द्वारा Navy Day 2025 की थीम: “Combat Ready, Cohesive, Credible and Aatmanirbhar Force” निर्धारित की गई है, जो नौसेना की तत्परता, विश्वसनीयता, एकजुटता और आत्मनिर्भरता को दर्शाती है। इसका मुख्य फोकस स्वदेशी रूप से विकसित प्लेटफॉर्मों पर है, जो आत्मनिर्भर भारत की भावना को मजबूत करता है। भारत का पहला स्वदेशी विमानवाहक पोत INS विक्रांत को 2 सितंबर 2022 को भारतीय नौसेना में शामिल किया गया। यह भारत की नौसैनिक आत्मनिर्भरता और सैन्य शक्ति का ऐतिहासिक प्रतीक है।
वहीं दूसरी ओर विद्यालय की छात्रा अरुणिमा सिसोदिया ने विद्यार्थियों को यह जानकारी दी कि नेवी में जाने के लिए कौन-से विषय चुनें, आयु सीमा क्या होती है, एनडीए, अग्निवीर व  नौसेना एकेडमी  जैसी परीक्षाओं के बारे में जानकारी, 10वीं व 12वीं के बाद भारतीय नौसेना में प्रवेश के क्या-क्या विकल्प हैं। आगे यह भी बताया कि आज भारतीय नौसेना एयरक्राफ्ट कैरियर, परमाणु पनडुब्बियों, अत्याधुनिक युद्धपोतों और आधुनिक तकनीक से सुसज्जित विश्व की प्रमुख नौसेनाओं में शामिल है। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. जी. डी. पाटिल ने अपने वक्तव्य में कहा कि “भारतीय नौसेना न केवल हमारी समुद्री सीमाओं की रक्षक है, बल्कि यह अनुशासन, साहस, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रभक्ति की सजीव मिसाल भी है। Navy Day 2025 की थीम और INS विक्रांत जैसे स्वदेशी युद्धपोत भारत की आत्मनिर्भर सैन्य शक्ति का प्रमाण हैं। हमें अपने विद्यार्थियों को भी इसी भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना चाहिए।” कार्यक्रम को और भी यादगार बनाने के लिए विद्यार्थियों द्वारा सुंदर देशभक्ति नृत्य प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने खूब सराहा। पूरा विद्यालय परिसर “जय हिन्द” के नारों से गूंज उठा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page