सड़क हादसे में राजस्व निरीक्षक की दर्दनाक मौत, ड्यूटी ख़त्म कर हाथरस से अलीगढ़ घर लौटते समय हुआ हादसा

हाथरस 02 दिसंबर । हाथरस जिले की सासनी कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार की शाम आगरा–अलीगढ़ रोड पर हनुमान चौकी के निकट एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। अज्ञात वाहन की तेज टक्कर से बाइक सवार कानूनगो (राजस्व निरीक्षक) तेजवीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक हाथरस तहसील में तैनात थे और चुनाव ड्यूटी पूरी कर अपने घर अलीगढ़ लौट रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही तहसील के अधिकारियों, कर्मचारियों और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। अलीगढ़ निवासी लगभग 57 वर्षीय तेजवीर सिंह पुत्र सूरज पाल हाथरस तहसील में राजस्व निरीक्षक के पद पर कार्यरत थे तथा मुरसान क्षेत्र का कार्यभार देखते थे। मंगलवार को वह हाथरस के सरस्वती मंदिर विद्यालय में अपनी चुनाव संबंधी ड्यूटी पूरी कर मोटरसाइकिल से अलीगढ़ स्थित घर लौट रहे थे। तभी हनुमान चौकी के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और तेजवीर सिंह सड़क पर गिर पड़े, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही तहसील के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। लेकरपाल संघ के जिलाध्यक्ष बलवीर सिंह ने बताया कि तेजवीर सिंह एक कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी थे, जो ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे थे, तभी यह दुखद हादसा हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इधर घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। तहसील कर्मचारियों और अधिकारियों ने तेजवीर सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुटी है।














