
हाथरस 01 दिसंबर । उत्तर प्रदेश की राज्यपाल महामहिम आनन्दी बेन पटेल की संरक्षकता एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संयोजकत्व में भारत स्काउट एंड गाइड की डायमंड जुबली के अवसर पर लखनऊ में 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी का आयोजन किया गया। इस जंबूरी में भारत के विभिन्न राज्यों और विश्व के विभिन्न देशों से स्काउट एवं गाइड ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्यपाल महामहिम आनन्दी बेन पटेल ने किया और समापन राष्ट्रपति महामहिम द्रौपदी मुर्मू द्वारा किया गया। इस अवसर पर विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ने स्काउट एवं गाइड को मार्गदर्शन प्रदान किया। जंबूरी के अंतर्गत बाबासाहेब अंबेडकर विश्वविद्यालय लखनऊ के सभागार में आयोजित कैंपफायर में विभिन्न देशों और राज्यों के स्काउट एवं गाइड ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। उत्तर प्रदेश की ओर से प्रथम प्रस्तुति के रूप में हाथरस जनपद के द कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल के स्काउट प्रारब्ध वार्ष्णेय और गाइड काजल शर्मा, गार्गी शर्मा, लावण्या चौहान, साक्षी और वैष्णवी ने गाइड कैप्टन संगीता वार्ष्णेय के निर्देशन में हनुमान चालीसा पर नृत्य प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। इसके बाद मालदीव्स, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, झारखंड, दिल्ली आदि राज्यों और देशों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। उत्तर प्रदेश के स्काउट के रूप में प्रारब्ध वार्ष्णेय ने ऊंट नृत्य राजस्थान की गाइड के साथ सामूहिक रूप में प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की अंतिम प्रस्तुति हाथरस टीम प्रमुख ऋषि कुमार वार्ष्णेय ने मूक अभिनय के माध्यम से दी, जिसे दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से सराहा। इस जंबूरी में भारतीय सेना, नौसेना, वायु सेना, उत्तर प्रदेश पुलिस और राज्य के विभिन्न विभागों ने भी अपनी प्रदर्शनी लगाई। कार्यक्रम की सफलता पर विद्यालय के डायरेक्टर एवं ब्लॉक प्रमुख श्री रामेश्वर उपाध्याय और प्रधानाचार्य श्री मुकेश कुमार शर्मा ने छात्रों की भूरी-भूरी प्रशंसा की और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। यह जंबूरी हाथरस के स्काउट एवं गाइड प्रतिभागियों के लिए गर्व का पल साबित हुई।










