
हाथरस 26 नवंबर । मोहनगंज स्थित कांग्रेस कैंप कार्यालय पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा संविधान दिवस गर्व, उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें संविधान निर्माताओं को नमन करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आज आवश्यकता है उन ताकतों से मुकाबला करने की, जो संविधान से छेड़छाड़ कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं। गोष्ठी की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विवेक उपाध्याय ने की, जबकि संचालन जिला प्रवक्ता डॉ. मुकेश चंद्रा ने किया। वक्ताओं ने कहा कि 26 नवंबर वह ऐतिहासिक दिन है, जब भारत के संविधान को अंगीकृत किया गया था। संविधान दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों — संप्रभुता, समाजवाद, धर्मनिरपेक्षता, लोकतंत्र और गणतंत्र — के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। न्याय, स्वतंत्रता और बंधुत्व हमारे संविधान की मूल भावना है। गोष्ठी में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि आज फिरकापरस्त ताकतें धर्म और जाति के नाम पर समाज में नफरत फैलाने का प्रयास कर रही हैं। संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्ष को डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है। ऐसे समय में हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह सतर्क रहे और संविधान की रक्षा के लिए खड़ा हो—यही राष्ट्र के विकास और एकता की राह है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मैनपुरी कोऑर्डिनेटर अवधेश बक्शी, जिला कोषाध्यक्ष संजीव आदिवाल, पूर्व पीसीसी सदस्य अशोक गुप्ता, पूर्व किसान कांग्रेस सचिव अजीत गोस्वामी, ठाकुर कपिल सिंह, प्रभा शंकर शर्मा, रामकुमार सारस्वत, गोविंद चतुर्वेदी, संजय अग्रवाल, सरिता देवी प्रधान, दिनेश कुमार वर्मा, रोहित अग्निहोत्री, दुष्यंत अग्निहोत्री, पुनीत अग्निहोत्री, दौलत राम, दिनेश कुमार, मनोज उपाध्याय, सुशील उपाध्याय एवं शिवकुमार उपाध्याय सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












