आरएसएस के 100 वर्ष पूर्ण होने पर घर-घर पहुंचाई जा रही संघ की विचारधारा, वितरित किए चित्र और पुस्तकें

हाथरस 22 नवंबर । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संघ की विचारधारा और सामाजिक सेवा से जुड़े साहित्य को घर-घर पहुँचाने का अभियान शुरू किया गया है। हाथरस जंक्शन मंडल के बूथ संख्या 353, नगला खराब में यह विशेष पहल की गई है। इस अभियान का नेतृत्व मंडल मंत्री दयावती चटावले और भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष मुंशीराम चटावले कर रहे हैं। दोनों पदाधिकारियों ने स्वयं आगे बढ़कर समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण से जुड़े साहित्य को घर-घर पहुँचाने का बीड़ा उठाया है। दोनों ही कार्यकर्ता गांव में भ्रमण कर लोगों को संघ की गतिविधियों, 100 वर्षों की यात्रा और राष्ट्र सेवा के सिद्धांतों के बारे में जागरूक कर रहे हैं। उनका कहना है कि यह कार्य मात्र साहित्य वितरण का नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक विचारधारा और राष्ट्रीय चेतना प्रसारित करने का है। ग्रामवासियों का भी इस अभियान को अच्छा सहयोग मिल रहा है, और निरंतर प्रयासों से संघ की विचारधारा को अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाया जा रहा है।











