
हाथरस 21 नवंबर । जनपद अलीगढ़ के थाना खैर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की शादी कोतवाली सासनी क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ वर्ष 2023 में हुई थी। ससुराल के लोग व पति द्वारा दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित किया गया। इस संबंध में थाना खैर में मुकदमा भी दर्ज है। इस मामले में सुलह करने के उद्देश्य से पति विवाहिता को अपने साथ अपने घर ले गया। यहां पर पता चला कि पति के किसी अन्य महिला से नाजायज सम्बन्ध हैं। विवाहिता ने इस बात का विरोध किया तो पति ने उसके साथ लातघूंसों से मारपीट करते हुए रस्सी से गला दबाकर जानलेवा हमला किया। अपनी जान बचाने के लिए विवाहिता ने डायल 112 पर कॉल की। जिसके बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई। अब पति जान से मारने की धमकी दे रहा है। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुटी है।










