
हाथरस 20 नवंबर । उत्तर प्रदेश के कद्दावर नेता और पूर्व ऊर्जा मंत्री स्वर्गीय पंडित रामवीर उपाध्याय के पिता पंडित रामचरन उपाध्याय भैयाजी का आज अस्वस्थता के चलते निधन हो गया। उनके निधन की खबर से परिवार, समर्थकों और शुभचिंतकों में भारी शोक की लहर दौड़ गई। लगभग 90 वर्षीय भैयाजी पिछले दो महीनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उन्हें उपचार के लिए आगरा के रेनबो हॉस्पिटल में भर्ती कराया था, जहां इलाज के दौरान आज उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना के बाद आगरा रोड स्थित बामौली हाउस पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई है। भैयाजी अपने धार्मिक, सरल और हंसमुख स्वभाव के कारण पूरे क्षेत्र में अत्यंत सम्मानित थे और सभी उन्हें प्यार से भैयाजी के नाम से जानते थे। वे अपने पीछे एक बड़ा परिवार छोड़ गए हैं, जिसमें सबसे बड़े पुत्र व पूर्व ऊर्जा मंत्री स्वर्गीय पं. रामवीर उपाध्याय का पहले ही निधन हो चुका है। उनके परिवार में उनकी पुत्रवधू एवं जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, पुत्र विनोद उपाध्याय, प्रमोद उपाध्याय, पूर्व मंत्री व विधायक मुकुल उपाध्याय, ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय, महेश उपाध्याय तथा दोनों पुत्रियां बृजबाला शर्मा और मनोरमा शर्मा शामिल हैं। उनके पार्थिव शरीर को आज शाम आगरा से बामौली हाउस लाया गया है, जहां अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। भैयाजी का अंतिम संस्कार कल 21 नवंबर को सुबह 11 बजे उनके पैतृक गांव बामौली में किया जाएगा। समाचार मिलते ही वरिष्ठ अधिवक्ता, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों और ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में लोग शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे। हमारा हाथरस परिवार ने भी उनके निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को धैर्य प्रदान करने की कामना की है।
ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय ने बताया कि मेरे पूज्य पिताजी श्री रामचरन उपाध्याय जी रैनबो हॉस्पिटल आगरा में आज अंतिम सांस ली। उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए बमौली हाउस आगरा रोड हाथरस पर रखा गया है। दाह संस्कार कल सुबह 9 बजे बामौली हाउस आगरा रोड हाथरस से चलकर पैतृक गांव बामौली में प्रातः 11 बजे किया जाएगा। हमारा हाथरस श्री रामचरन उपाध्याय जी के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करता है व ईश्वर से प्रार्थना करता है कि वह उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें।











