
हाथरस 17 नवंबर । आरडी गर्ल्स पीजी कॉलेज की छात्राओं ने पी.सी. बगला कॉलेज में 14 और 15 नवंबर 2025 को आयोजित इंटरकॉलेजिएट एथलेटिक्स टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए कॉलेज का नाम रोशन किया। महिला वर्ग की इस प्रतियोगिता में कुल 8 महाविद्यालयों ने प्रतिभाग किया, जिनमें एसआरडीए कॉलेज की एथलीट्स ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने विभिन्न ट्रैक और फील्ड इवेंट्स में भाग लेकर कई स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए। नीतू ने अद्भुत धीरज और क्षमता का प्रदर्शन करते हुए 10000 मीटर और 5000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर कॉलेज का गौरव बढ़ाया। प्राची ने अपनी गति का कमाल दिखाते हुए 400 मीटर दौड़ में रजत पदक प्राप्त किया।
मुस्कान त्यागी ने बहुमुखी प्रतिभा का परिचय देते हुए डिस्कस थ्रो में स्वर्ण पदक, हैमर थ्रो में कांस्य पदक तथा 400 मीटर में कांस्य पदक हासिल किया। वहीं कृष्णा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 1500 मीटर में स्वर्ण पदक और 100 मीटर हर्डल्स में रजत पदक अपने नाम किए। रिया ने हैमर थ्रो में रजत पदक और 800 मीटर प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर कॉलेज का मान बढ़ाया। कॉलेज की प्राचार्या प्रो. सुषमा यादव ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि छात्राओं की मेहनत, समर्पण और अनुशासन ही उनकी सफलता का आधार है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। शारीरिक शिक्षा विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. बरखा भारद्वाज ने भी छात्राओं को आशीर्वाद देते हुए कहा कि यह उपलब्धियाँ उनके कठोर परिश्रम और सकारात्मक खेल भावना का परिणाम हैं, जो पूरे कॉलेज परिवार के लिए गर्व की बात है। एसआरडीए कॉलेज की छात्राओं का यह उत्कृष्ट प्रदर्शन न केवल कॉलेज को गौरवान्वित करता है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा प्रदान करता है।












