
हाथरस 15 नवंबर । खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार आगामी राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए जिला स्तरीय चयन/ट्रायल की तिथियाँ घोषित कर दी गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर भाग लेने से पूर्व जिला एवं मंडल स्तरीय ट्रायल में उपस्थित होना अनिवार्य है। पहली प्रतियोगिता पंडित दीन दयाल उपाध्याय सीनियर महिला फुटबॉल प्रतियोगिता है, जिसका आयोजन 20 से 27 नवंबर 2025 तक गोंडा में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता हेतु जिला स्तरीय चयन ट्रायल 06 नवंबर 2025 को प्रातः 10 बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम हाथरस में आयोजित होगा। चयनित खिलाड़ी 07 नवंबर 2025 को अहिल्याबाई होलकर स्पोर्ट्स स्टेडियम अलीगढ़ में होने वाले मंडलीय चयन ट्रायल में भाग लेंगे। दूसरी प्रतियोगिता पंडित दीन दयाल उपाध्याय सीनियर महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता है, जिसका आयोजन 22 से 25 नवंबर 2025 तक चित्रकूट में किया जाना निर्धारित है। इसके लिए जिला स्तरीय चयन ट्रायल 18 नवंबर 2025 को प्रातः 10:00 बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम हाथरस में आयोजित किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को 19 नवंबर 2025 को अहिल्याबाई होलकर स्पोर्ट्स स्टेडियम अलीगढ़ में आयोजित मंडलीय चयन ट्रायल में प्रतिभाग करना होगा।









