
सादाबाद 11 नवंबर । ऊँचा गाँव निवासी एक युवक पर लोहे की रॉड से हमला किया गया। निजी रंजिश के चलते हुए इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने किसी तरह घायल युवक को बचाया और अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, ऊँचागाँव नसीरपुर निवासी यशवंत सिंह सोमवार को अपनी मोटरसाइकिल से किसी निजी कार्य से जा रहे थे। जब वह पशपाल सिंह के मकान के सामने पहुंचे, तभी गांव के एक व्यक्ति ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने यशवंत सिंह पर लोहे की सरिया से हमला कर दिया। हमले से यशवंत सिंह मोटरसाइकिल समेत गिर पड़े और उनके पैरों में गंभीर चोटें आईं। घटना के दौरान आसपास के लोगों के शोर मचाने पर हमलावर मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि जाते-जाते आरोपी ने यशवंत सिंह को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। थाना अध्यक्ष योगेश कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।










