
हाथरस 10 नवंबर । आरबीएस पब्लिक स्कूल मुरसान के प्रतिभाशाली छात्रों ने सीबीएसई सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स हाथरस द्वारा आयोजित एथलेटिक मीट में शानदार प्रदर्शन करते हुए अनेक स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक जीतकर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। एथलेटिक्स 4×100 मीटर रिले दौड़ में लड़कों की टीम ने बेहतरीन तालमेल और गति का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। इस टीम में बॉबी थेनुआ, अंकित चौधरी, पुष्पेंद्र सिंह और उपलक्ष्य चौधरी शामिल थे। इसी इवेंट में लड़कियों की टीम भी पीछे नहीं रही और भूमि, गरिमा, प्राची तथा मोनिका ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इसके अलावा 400 मीटर ट्रिपल जंप में नेहा ने लड़कियों में तथा आदित्य पाठक ने लड़कों में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। कबड्डी में भी विद्यालय की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। टीम में विशेष चौधरी, लक्ष्मण पचौरी, हीरेश थेनुआ, ऋषि धंगार, सुमित थेनुआ, देव थेनुआ, करण कौशिक, गौरव कुंतल, नितिन चौधरी, प्रियांशु चौधरी, शिवम कौशिक और सौर्य कौशिक शामिल थे। 100 मीटर रेस में बॉबी थेनुआ और गगन गावर ने रजत पदक प्राप्त कर अपनी स्पीड का लोहा मनवाया। वहीं 200 मीटर रेस में अंकित चौधरी, 1500 मीटर रेस में उपलक्ष्य चौधरी और शॉटपुट में विशेष चौधरी ने कांस्य पदक हासिल किया। लड़कियों के 400 मीटर दौड़ में भूमि ने भी कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की। विद्यालय के डायरेक्टर राजनेश कुमार, सोनिया सिंह एवं प्रधानाचार्य राजेश यादव ने सभी विजेता छात्र-छात्राओं को बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएँ दीं।












