
हाथरस 07 नवम्बर । कोतवाली सदर इलाके की एक कॉलोनी निवासी महिला की करीब छह साल पहले शादी हुई थी। पति नशे का आदी था। वह आए दिन उसके साथ मारपीट करता। इसी दौरान महिला की अपने देवर से नजदीकी बढ़ गई और यह नजदीकी प्यार में बदल गई। देवर ने भी महिला के साथ शादी करने की बात करते हुए शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद देवर-भाभी घर से फरार हो गए। परिजनों ने पुलिस में शिकायत की तो दोनों को पुलिस ने बरामद कर लिया और परिजनों को सौंप दिया। कुछ दिनों बाद महिला को देवर ने भी छोड़ दिया, जबकि वह उसी के साथ रहना चाहती थी। देवर ने महिला को छोड़ा तो इस बात की शिकायत लेकर वह पुलिस के पास पहुंची। महिला की मानें तो वह काफी दिनों से देवर के खिलाफ कार्रवाई कराए जाने के लिए पुलिस के चक्कर काट रही है, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। इसी बात से नाराज महिला शुक्रवार की सुबह एसपी दफ्तर पर पैट्रोल साथ लेकर पहुंच गई। यहां पर उसने अपने ऊपर पैट्रोल उड़ेल लिया और आग लगाकर आत्महत्या का प्रयास करने लगी। यह देख वहां पर मौजूद पुलिस कर्मी दौड़े और समय रहते महिला को पकड़ लिया। यहां से महिला को महिला पुलिस कर्मी के साथ जिला अस्पताल भेजा गया। यहां पर महिला ने आप बीती बताई। जिस पर अब पुलिस मामले की जांच में जुटी है।











