
हाथरस 06 नवंबर । भाजपा जिला कार्यालय गौशाला रोड पर जिला अध्यक्ष शरद माहेश्वरी की अध्यक्षता में मतदाता विशेष पुनरीक्षण अभियान (Special Intensive Revision – SIR) को लेकर एक कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय महामंत्री नागेंद्र सिकरवार एवं पूर्व जिला अध्यक्ष गौरव आर्य उपस्थित रहे। कार्यशाला का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि नागेंद्र सिकरवार ने कहा कि चुनाव आयोग पूरे प्रदेश में मतदाता सूची के पुनरीक्षण का महत्वपूर्ण अभियान चला रहा है। इसके तहत फर्जी वोटों को हटाने, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा बूथ एवं वार्ड में आवश्यक संशोधन किए जा सकेंगे। यह अभियान लोकतंत्र को स्वच्छ एवं सटीक मतदान व्यवस्था प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगा। BLO घर-घर जाकर सत्यापन कर रहे हैं, जिसके माध्यम से मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाया जाएगा। पूर्व जिला अध्यक्ष गौरव आर्य ने कहा कि प्रत्येक परिवार के सभी सदस्यों के लिए अलग-अलग न्यूमेरेशन फार्म भरना आवश्यक होगा। प्रत्येक वोटर के लिए QR कोड के साथ यूनिक आईडी उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि बीएलओ अधिकतम तीन बार प्रत्येक घर पर जाएंगे और नागरिकों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ फार्म जमा कर सहयोग करना चाहिए। प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने कहा कि मतदाता विशेष पुनरीक्षण अभियान लोकतंत्र की मजबूती का अहम कदम है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को इसमें सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में जिला अध्यक्ष शरद माहेश्वरी ने कहा कि सभी पदाधिकारी, बूथ स्तर के कार्यकर्ता एवं बीएलए-2 अपने-अपने क्षेत्र में पूरी निष्ठा से अभियान को सफल बनाने में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में छूटने नहीं पाए। उन्होंने कार्यक्रम में आए सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में श्वेता चौधरी, हरिशंकर राणा, रूपेश उपाध्याय, आचार्य महेंद्र सिंह, अभियान जिला संयोजक भीकम सिंह चौहान, विधायक सभा संयोजक भोला सिंह रावत, मंडल अध्यक्ष प्रदीप शर्मा, स्मृति पाठक, योगेश सैंगर, मूल चंद वार्ष्णेय, आकाश सिंह, हरीश सैंगर, प्रमोद सैंगर, राम कुमार माहेश्वरी, शालिनी पाठक, कुशल पाल सिंह पौरुष, सुनीता वर्मा, गोपाल चौहान, संदीप जादौन, सुरेश चौधरी, अशोक कुमार, प्रशांत शर्मा, श्याम मिश्रा, दिनेश शर्मा, सोनिया नारंग, पूनम सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।













