
सादाबाद 05 नवंबर । आज सुबह कुरसंडा रजवाहे के पास एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर कल्टीवेटर सहित बंबे में पलट गया। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक नवीन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शी रूस्तम सिंह, प्रवेश राणा, अभिषेक, अमिताभ और रितिक ने बताया कि चालक आलू बुवाई के लिए खेत की जुताई करने जा रहा था। तभी अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे बंबे में जा गिरा। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान तुरंत मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद चालक नवीन कुमार को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला। उसे तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थानाध्यक्ष योगेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही चौकी बिसावर की पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर को बंबे से बाहर निकलवाया गया है। घायल चालक नवीन कुमार का परिजनों द्वारा निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। प्रारंभिक जांच में यह हादसा वाहन के असंतुलन के कारण हुआ प्रतीत हो रहा है।












