
हाथरस 05 नवंबर । हरियाणा के पलवल निवासी विवाहिता ने पति व ससुराल के लोगों पर आरोप लगाते हुए महिला थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। जिसमें उसने कहा है कि उसकी शादी 2022 में हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही पति व ससुराल वालों ने अतिरिक्त दहेज में 50 लाख रुपये व फॉर्च्यूनर कार के लिए तंग करते हुए मारना पीटना शुरू कर दिया। विवाहिता ने कहा है कि उसका पति पुलिस में कांस्टेबल के पद पर हाथरस में तैनात है। आरोप है कि पति कई कई महीने विवाहिता छोडकर बाहर रहता और नौकरी पर भी नहीं जाता। बाद में जानकारी हुई कि पति के शादी से पहले से ही किसी गैर औरत के साथ नाजायज सम्बन्ध हैं। आरोप है कि पति ने उस औरत से मंदिर में शादी की है। इस बारे में सास, ससुर, जेठ वगैरा सभी को भी जानकारी दी, लेकिन इस बात को छुपाकर शादी कराई गई। आरोप है कि पति आए दिन मारपीट करता है और तलाक देने की धमकी देता है। सब कुछ सहन करती रही। इस बीच विवाहिता ने एक बेटी को जन्म दिया। जिस पर ससुराल के लोग लडकी होने का ताना भी देने लगे और कई कई दिन भूका रखते। पति जून 2024 में हाथरस ले गया और किराये के मकान में लेकर रहने लगा। यहां पर कुछ दिन बाद ही पति विवाहिता को अकेला छोड गया। खाना खर्चा देना बंद कर दिया और दो दो तीन तीन महीने घर से गायब रहता। फोन पर पूछने पर गाली-गलौज करने का आरोप है। फोन पर जान से मारने व तलाक देने की धमकी देने का आरोप है। आरोप है कि फरवरी 2025 को पति ने बुरी तरह लात घूंसों से मारापीटा और फिर बच्ची सहित मायके छोड दिया। मायके के लोगों ने ससुराल के लोगों को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। अब इस मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर महिला थाना पुलिस छानबीन में जुटी है।












