
हाथरस 05 नवंबर । उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है। बुधवार से प्रदेश भर में रातें सर्द होने लगी हैं। पूरब से लेकर पश्चिम तक करीब 12 जिलों में रात का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे दर्ज किया गया। प्रदेश में दिनभर मौसम साफ रहा और गुनगुनी धूप निकली, लेकिन जैसे ही शाम ढली, ठंड का असर तेजी से महसूस होने लगा। मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन से चार दिनों में रातों के पारे में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी। हालांकि दिन के तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। पूर्वांचल और तराई के क्षेत्रों में सुबह के समय धुंध और कोहरे के आसार जताए गए हैं। बुधवार को बाराबंकी, कानपुर नगर, इटावा, प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या, अमेठी, बरेली, मुजफ्फरनगर, मेरठ और बुलंदशहर में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस या इससे नीचे दर्ज हुआ।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में प्रदेश में ठंड और बढ़ेगी और सुबह-शाम लोगों को सतर्क रहने की जरूरत होगी। दोपहर बाद पश्चिमी विक्षोभ के असर से आसमान में हल्के बादल छाए, लेकिन बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। राजधानी लखनऊ में भी अगले कुछ दिनों में रातों का तापमान 3 से 4 डिग्री तक नीचे जा सकता है। उधर, विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार मानसून के दौरान अधिक बारिश और नमी ने प्रदूषण के कणों को नीचे बैठाने में अहम भूमिका निभाई है। साथ ही स्वच्छ ईंधन नीति, ई-वाहनों की बढ़ती संख्या और ट्रैफिक नियंत्रण उपायों का असर भी वायु गुणवत्ता में सुधार के रूप में दिखाई दे रहा है।












