
हाथरस 05 नवंबर । पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में बुधवार को जनपदभर में यातायात माह के तहत व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान थाना पुलिस एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीमों ने दुर्घटना संभावित तथा शहर के प्रमुख चौराहों पर मालवाहक वाहनों सहित अन्य यातायात नियम उल्लंघन करने वाले वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली, मैक्स पिकअप, मैजिक, ऑटो, ई-रिक्शा आदि में निर्धारित संख्या से अधिक सवारियाँ ले जाने, ड्रिंक एंड ड्राइव, बिना हेलमेट वाहन चलाने, बिना सीट बेल्ट, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी, ओवर स्पीड तथा दोषपूर्ण नंबर प्लेट जैसी गंभीर उल्लंघनियों पर खास निगरानी रखी गई। चेकिंग के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर पुलिस ने कुल 254 चालान काटे, जिनसे ₹2,90,500 का जुर्माना वसूला गया। साथ ही वाहन चालकों व आम जनमानस को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस ने आम लोगों को समझाते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चालक हेलमेट लगाकर चलें, चारपहिया चालकों को सेफ्टी बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करना चाहिए। ओवरलोडिंग, नशे की हालत में ड्राइविंग व मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाना दुर्घटना का मुख्य कारण है, इससे बचना जरूरी है। इसके अलावा वाहनों में काली फिल्म, हूटर, प्रेशर हॉन, मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग न करने तथा निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की हिदायत दी गई।
यातायात नियम उल्लंघन पर की गई कार्रवाई
| श्रेणी | चालान संख्या |
|---|---|
| बिना हेलमेट व तीन सवारी | 218 |
| अन्य यातायात नियम उल्लंघन | 26 |
| नो पार्किंग में वाहन खड़ा करना | 02 |
| बिना सीट बेल्ट वाहन चलाना | 08 |
| कुल चालान | 254 |
| कुल जुर्माना | ₹2,90,500 |














