
हाथरस 24 अक्टूबर । “नारी शक्ति की कोई सीमा नहीं होती, बस उन्हें अवसर और समर्थन चाहिए।” इसी भावना को साकार करते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में जनपद हाथरस में मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 के तहत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार के पर्यवेक्षण में जनपद के सभी थानों की महिला बीट आरक्षियों, एंटी रोमियो टीमों और पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में भ्रमण कर महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से जुड़ी जानकारियाँ दीं। अभियान के तहत पुलिस टीमों ने जनपद के प्रमुख चौराहों, कस्बों, बाजारों, मंदिरों, शॉपिंग मॉल, स्कूल-कॉलेज, कोचिंग संस्थानों, रेलवे स्टेशन, रोडवेज व अन्य सार्वजनिक स्थलों सहित ग्रामीण इलाकों में जाकर बालिकाओं और महिलाओं को शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न लाभकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। इनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, राष्ट्रीय पोषण अभियान, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महिला ई-हाट योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन (सुमन) योजना, वन स्टॉप सेंटर, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना जैसी योजनाएँ प्रमुख रहीं।
महिलाओं व बालिकाओं को पुलिस और महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई, जिनमें 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड लाइन, 1930 साइबर हेल्पलाइन तथा 102 और 108 स्वास्थ्य एवं एम्बुलेंस सेवा शामिल हैं। उन्हें किसी भी आपात स्थिति या उत्पीड़न की स्थिति में इन सेवाओं का तत्काल उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को गुड टच और बैड टच की समझ, साइबर अपराधों से बचाव के तरीके, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और डिजिटल अरेस्ट जैसे नए साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया। अभियान के दौरान पंपलेट वितरित कर महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और मिशन शक्ति केंद्रों की भूमिका के बारे में बताया गया। बालिकाओं को सुझाव दिया गया कि किसी भी उत्पीड़न, बाल विवाह या किसी भी प्रकार की असुरक्षा की स्थिति में तुरंत अपने अभिभावकों या पुलिस को जानकारी दें। पुलिस अधीक्षक श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कहा कि “मिशन शक्ति का उद्देश्य हर बेटी और हर महिला को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है। पुलिस हमेशा उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर है और यह अभियान महिलाओं में आत्मविश्वास, जागरूकता और सशक्तिकरण का प्रतीक है।”


















































