
हाथरस 23 अक्टूबर । जनपद फिरोजाबाद के एका नगला छीतू निवासी 54 वर्षीय रामप्रकाश सिंह पुत्र भरत सिंह पुलिस लाइन में चालक के पद पर तैनात थे। बुधवार-गुरुवार की रात को उनकी अचानक से हालत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि वह हार्ट के मरीज थे। हालत ज्यादा बिगड़ने पर साथी पुलिस कर्मी उनको जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां पर डॉक्टर ने उनको देखा और मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर ने हार्ट अटैक से मौत की संभावना जताई। जिसके बाद पुलिस कर्मियों ने उनके शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। इस बात की जानकारी मिलने पर मृतक के परिवार के लोग भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। गुरुवार की सुबह पोस्टमार्टम के बाद पुलिस की गाड़ी से शव पुलिस लाइन पहुंचा। यहां पर सम्मान के बाद शव को पुलिस ने गांव तक पहुंचाया। गांव में शव का पुलिस सम्मान के साथ अंतिम संस्कार हुआ। पुलिस कर्मी की मौत से परिवार में मातम छा गया।














































