
हाथरस 23 अक्टूबर । कोतवाली मुरसान क्षेत्र के गांव नगला मनी निवासी अतुल कुमार कौशिक व उनके परिवार के लोग गोवर्धन दर्शन करने के लिए गाड़ी से गए थे। उनके साथ गांव के अन्य लोग भी गए थे। यहां पर साथ गए गांव के लोगों व अतुल कुमार कौशिक के परिजनों के बीच कहासुनी और फिर मारपीट हो गई। इसी बात को लेकर गांव लौटते ही दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। जिसके बाद उनके बीच जमकर लाठी-डंडे चलने लगे। यह देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में एक पक्ष से मानिका पुत्री ग्रीस कौशिक, अतुल व संजय पुत्र रामवीर कौशिक, कैलाश पुत्र मूलचंद्र, नीरज पुत्र कांता प्रसाद और दूसरे पक्ष के चार लोग घायल हो गए। यहां पर हुई मारपीट में दोनों पक्षों से 9 लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। वहीं पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।














































