
हाथरस 23 अक्टूबर । कोतवाली हाथरस जंक्शन के एक गांव निवासी महिला ने चार युवकों पर अपहरण कर हरियणा के बल्लभगढ़ में दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि उसके गांव के दो युवक हथियारों के बल पर उसे जबरन घर से ले गए। उन्होंने धमकी दी कि यदि वह उनके साथ नहीं चलेगी तो उसके बेटे की हत्या कर देंगे। रास्ते में उनके दो अन्य साथी भी मिल गए। ये सभी उसे हरियाणा के बल्लभगढ़ ले गए। आरोप है कि उसे कई दिनों तक बल्लभगढ़ में बंधक बनाकर रखा और उसके साथ दुष्कर्म किया गया। आरोपियों ने उसे कमरे से बाहर नहीं निकलने दिया और उसके जेवरात भी छीनने का आरोप है। अब महिला किसी तरह उनके चंगुल से बचकर निकल कर आई है। महिला ने पुलिस के उच्चाधिकारियों को शिकायत भेजकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।














































