
सादाबाद 18 अक्टूबर । वाल्मीकि समाज के आराध्य महर्षि वाल्मीकि की जयंती के उपलक्ष्य में कस्बे में शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शुक्रवार देर रात हाथरस मार्ग स्थित किसान भवन से महर्षि वाल्मीकि नवयुवक संघ के तत्वावधान में यह शोभायात्रा शुरू हुई। वरिष्ठ बसपा नेता डॉक्टर अविन शर्मा, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राधारमन अग्रवाल और वाल्मीकि नवयुवक संघ के अध्यक्ष अमित वाल्मीकि ने महर्षि वाल्मीकि के स्वरूप का पूजन-अर्चन और आरती उतारकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। शोभायात्रा में भगवान गाड़ी, राधा कृष्ण, भगवान शिव, राम दरबार और हनुमान जी सहित लगभग एक दर्जन झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। यह शोभायात्रा नदी पुल, जवाहर बाजार और चौक बाजार से होते हुए मोहल्ला आगरा गेट स्थित महर्षि वाल्मीकि वाटिका पर समाप्त हुई। इसमें उदय सिंह वाल्मीकि, किशन लाल वाल्मीकि, संजीव कुमार वाल्मीकि, अजय कुमार, शरण कुमार, सभासद राजकुमार चौधरी, दिनेश वर्मा और अन्य समाजों के लोग भी शामिल हुए।








