
हाथरस 15 अक्टूबर । समाजवादी पार्टी के प्रदेश कमेटी सदस्य राम नारायण काके के निवास पर नवनियुक्त जिला सचिव भूपेंद्र उपाध्याय और नवनियुक्त शहर कोषाध्यक्ष रामकुमार शर्मा उर्फ गुड्डा पुजारी का भव्य स्वागत किया गया। स्वागत समारोह में पार्टी कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या उपस्थित रही। इस अवसर पर अपने संबोधन में भूपेंद्र उपाध्याय और रामकुमार गुड्डा पुजारी ने राम नारायण काके का आभार व्यक्त किया और उन्हें क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के लोकप्रिय नेता के रूप में सराहते हुए कहा कि आने वाले 2027 के चुनावों में समाजवादी पार्टी हाथरस जनपद की तीनों विधानसभा में ब्राह्मण समाज को जोड़ने का विशेष कार्य करेगी। भूपेंद्र उपाध्याय और रामकुमार गुड्डा पुजारी ने कहा कि राम नारायण काके क्षेत्र के बेहद लोकप्रिय और सम्मानित नेता हैं, और उनका विधानसभा पहुंचना ब्राह्मण समाज के हित और सम्मान के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी को 2027 में सत्ता में लाना और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बनाना उनके मिशन का हिस्सा है, ताकि ब्राह्मण समाज को उचित सम्मान और स्वाभिमान मिल सके। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता भी मौजूद रहे, जिनमें मुकेश शर्मा, राजू पंडित, गोलू पंडित, अर्जुन शर्मा, राकेश उपाध्याय और अन्य कार्यकर्ता शामिल थे। सभी ने आगामी चुनावों में पार्टी के विजयी अभियान और ब्राह्मण समाज के एकजुट होने पर जोर दिया।












