
हाथरस 12 अक्टूबर । आज पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार के पर्यवेक्षण में “मिशन शक्ति अभियान” के पंचम चरण के अंतर्गत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन को सशक्त बनाना तथा महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास का वातावरण तैयार करना रहा। महिला बीट पुलिस अधिकारियों द्वारा गांव, कस्बों, स्कूल-कॉलेजों, बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थलों पर भ्रमण कर चौपालें लगाई गईं, जिनमें महिलाओं और बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन नंबरों (1090, 181, 112, 1076, 108, 1098, 102) सहित शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराध से बचाव, महिला अधिकारों की जानकारी और मिशन शक्ति केंद्रों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित छात्राओं और महिलाओं को हेल्पलाइन नंबरों का निर्भीक होकर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त एंटी रोमियो टीमों ने विभिन्न स्थानों पर गश्त कर संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की और छेड़छाड़ या महिला उत्पीड़न जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सतत निगरानी रखी। महिलाओं को यह भी बताया गया कि प्रत्येक थाने में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित हैं, जहां महिला कर्मी उनकी शिकायतें सुनती हैं और आवश्यक सहायता प्रदान करती हैं। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर, निडर और जागरूक नागरिक बनाना है ताकि वे हर क्षेत्र में सुरक्षित महसूस कर सकें।














