हाथरस 11 अक्टूबर । पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार के पर्यवेक्षण में मिशन शक्ति अभियान के पंचम चरण के तहत जनपद में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सशक्त बनाने हेतु व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा, सशक्तिकरण और विश्वास का माहौल बनाना है।
जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में महिला बीट पुलिस अधिकारियों द्वारा गांव, कस्बा, स्कूल, कॉलेज, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण कर महिला-बालिकाओं को जागरूक किया जा रहा है। साथ ही चौपाल आयोजित कर महिला संबंधित समस्याओं के निस्तारण के संबंध में संवाद स्थापित किया जा रहा है। इस दौरान महिलाओं व छात्राओं को शासन की विभिन्न महिला सशक्तिकरण योजनाओं के साथ-साथ सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई — 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 108 एम्बुलेंस सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1098 चाइल्ड लाइन, तथा 102 स्वास्थ्य सेवा। थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों की जानकारी भी दी गई, जहाँ महिला कर्मियों द्वारा महिलाओं की शिकायतें सुनी जाती हैं। अभियान के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने छात्राओं व महिलाओं से संवाद कर उनके अंदर आत्मविश्वास बढ़ाया और बताया कि किसी भी आपात स्थिति में वे बेझिझक एंटी रोमियो टीम या यूपी पुलिस की हेल्पलाइन पर संपर्क करें। साथ ही साइबर अपराधों और उनसे बचाव के उपायों की भी जानकारी दी गई। एंटी रोमियो टीमों द्वारा विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाकर मनचलों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया गया और संदिग्धों की जांच की गई। अंत में उपस्थित छात्राओं व महिलाओं को मिशन शक्ति अभियान से संबंधित पैम्फलेट वितरित किए गए और उन्हें आत्मनिर्भर, निर्भीक होकर समाज में अपना योगदान देने व शिक्षा के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।