
सासनी 08 अक्टूबर । हनुमान मंदिर काली मंदिर गाँव गदा खैरा,सासनी में आज बजरंग दल के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में एक विशाल हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। जिला सेवा प्रमुख विद्याभूषण गर्ग ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद ने अपनी स्थापना के कुछ वर्षों बाद (1964 में) उत्तर प्रदेश के अयोध्या नगर में राम-जानकी रथयात्रा का आयोजन शुरू किया था। इन यात्राओं का उद्देश्य समाज को जागृत करना था। हालाँकि यह किसी धर्म विशेष के विरुद्ध नहीं थी, फिर भी कई वर्गों ने इस यात्रा के दौरान सांप्रदायिक तनाव पैदा किया और इसे हिंदू-समर्थक आंदोलन बताया। अंततः 1984 में विश्व हिंदू परिषद के हिंदू संतों ने इस यात्रा की सुरक्षा के लिए इच्छुक युवाओं का आह्वान किया। राम-जानकी की रक्षा के लिए बजरंगी हमेशा मौजूद रहते थे। इसलिए राम-जानकी रथयात्रा की सुरक्षा करने वाले युवाओं के समूह ने खुद को बजरंगी कहा। अब यह समूह पूरे देश में फैल गया है। बजरंग दल प्रखंड संयोजक अंकित उपाध्याय ने बताया कि 8 अक्टूबर 1984 को अयोध्या में बजरंग दल की स्थापना हुई। बजरंग दल का मुख्य उद्देश्य हिंदू समाज की सेवा और रक्षा करना है। संगठन गौ, गीता और गायत्री की रक्षा के साथ राष्ट्र सेवा में भी सक्रिय है। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण और आतंकवाद व घुसपैठ रोकना भी संगठन के प्रमुख कार्यों में शामिल है। इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष भूपेंद्र शर्मा, प्रखंड उपाध्यक्ष हेमंत कौशल, चंद्रेश गर्ग प्रखंड मंत्री जगदीश प्रसाद शर्मा, प्रखंड सह मंत्री सचिन भार्गव, जयपाल कुशवाहा, समरसता प्रमुख अशोक सिंह, सह समरस्ता प्रमुख आशीष पाराशर, डॉ अमित भार्गव, डॉ. विकास सिंह,भोला पंडित, विक्की कुशवाहा आदि उपस्थिति थे।










