Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 07 अक्टूबर । श्यामकुंज स्थित एम.एल.डी.वी. पब्लिक इंटर कॉलेज एवं तरफरा रोड स्थित आर.के.एस.के. इंटरनेशनल स्कूल में महर्षि वाल्मीकि जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर संस्था के डायरेक्टर स्वतंत्र कुमार गुप्त, प्रशासनिक प्रमुख हर्षित गुप्ता (एडवोकेट), कोऑर्डिनेटर शैलकांता गुप्ता, प्रधानाचार्याएँ पूनम वर्मा एवं ज्योति सिंह ने देववाणी संस्कृत के महाकवि, रामायण के रचयिता और संस्कृत के अप्रतिम विद्वान महर्षि वाल्मीकि की छवि पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित डी.आर.बी. इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य स्वतंत्र कुमार गुप्त ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने अपनी रामायण में नारी की गरिमा और सतीत्व की मर्यादा को सर्वोच्च स्थान दिया। उन्होंने स्मरण कराया कि जब माता सीता को झूठे आक्षेपों के कारण अग्निपरीक्षा देनी पड़ी, तब महर्षि वाल्मीकि ने उन्हें अपने आश्रम में शरण दी थी — यही उनके करुणा और न्यायप्रियता का प्रतीक है। इस अवसर पर प्रशासनिक प्रमुख हर्षित गुप्ता ने कहा कि आज वाल्मीकि समाज ने शिक्षा, राजनीति, चिकित्सा, न्याय और जीवन के हर क्षेत्र में अपने परिश्रम और संघर्ष से एक नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि “स्वच्छ भारत अभियान” को सफल बनाने में हमारे स्वच्छता मित्रों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण रही है, जिनके अथक प्रयासों से यह अभियान जन-आंदोलन बना है। कार्यक्रम में विद्यालय के स्वच्छता मित्र प्रेमचंद, लवकुश एवं प्रवीण देवी को संस्था के डायरेक्टर स्वतंत्र कुमार गुप्त द्वारा माल्यार्पण, पुष्पगुच्छ एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में पुनीत वर्मा, पुनीत गुप्ता, राजेन्द्र प्रसाद, सत्यवती, हरदयाल, रेशम देवी एवं शेर सिंह आदि का विशेष सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page