
सादाबाद 06 अक्टूबर । कस्बा सहपऊ स्थित कृष्णा वाटिका में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों ने विजयदशमी के अवसर पर शस्त्र पूजन किया।शस्त्र पूजन से पूर्व स्वयंसेवकों ने मंत्रोच्चारण के साथ हवन यज्ञ किया। पूजन स्थल की साफ-सफाई भी की गई। स्वयंसेवकों ने बताया कि यह पर्व भगवान राम द्वारा लंकापति रावण पर विजय प्राप्त करने की स्मृति में मनाया जाता है। रावण पर विजय के बाद भगवान राम ने अपने शस्त्रों की पूजा की थी। यह परंपरा त्रेता युग से चली आ रही है, जिसमें क्षत्रिय अपने शस्त्रों की पूजा कर धर्म और कर्तव्य पालन का संकल्प लेते हैं। उनका कहना था कि शस्त्र गरीबों की रक्षा और अत्याचारियों के नाश के लिए हैं, जैसे भगवान राम ने रावण का और भगवान श्रीकृष्ण ने द्वापर युग में दुष्टों का नाश कर धर्म की स्थापना की थी। इस अवसर पर धर्म जागरण मंच ब्रज प्रांत के विनोद चौहान, अंशुल शर्मा, मानवेंद्र सिंह, अर्जुन और शैलेंद्र सहित कई स्वयंसेवक उपस्थित थे।










