हाथरस 03 अक्टूबर । पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में एवं अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार के पर्यवेक्षण में मिशन शक्ति अभियान के पंचम चरण के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने हेतु व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में महिला बीट पुलिस अधिकारियों द्वारा गांव, कस्बा, स्कूल, कॉलेज, बस स्टैण्ड सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण किया गया। अभियान में प्राथमिकता के आधार पर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करते हुए उनके अधिकारों और सुरक्षा से जुड़ी जानकारी दी गई। विशेष रूप से 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 108 एम्बुलेंस सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1098 चाइल्ड लाइन, 102 स्वास्थ्य सेवा और थानों में स्थापित मिशन शक्ति केन्द्रों के बारे में जानकारी प्रदान की गई। इसके अलावा महिलाओं को साइबर अपराध और उससे बचाव के उपायों के प्रति भी अवगत कराया गया।
अभियान के दौरान महिलाओं एवं छात्राओं से संवाद कर उनके आत्मविश्वास को बढ़ाया गया और उन्हें निर्भीक होकर संबंधित थाना/एंटी रोमियो टीम या यूपी पुलिस द्वारा संचालित हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल करने के लिए प्रेरित किया गया। विभिन्न थानों की एंटी रोमियो टीम द्वारा छेड़छाड़ और महिला उत्पीड़न की घटनाओं पर सतत निगरानी रखी गई तथा संदिग्धों की चेकिंग की गई। अभियान के दौरान मिशन शक्ति अभियान के पैम्फलेट वितरित किए गए और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, शिक्षा ग्रहण करने और अपने क्षेत्र में सक्रिय होकर सुरक्षित जीवन जीने के लिए प्रोत्साहित किया गया।