हाथरस 02 अक्टूबर । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने नगर की विभिन्न बस्तियों में विजयदशमी उत्सव धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर संघ के स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में शस्त्र पूजन किया और समाज के लोगों को पंच परिवर्तन एवं राष्ट्रवाद के संदेश दिए। नगर की लेवर कॉलोनी बस्ती, तरफरा बस्ती, वैभव नगर बस्ती, मुरसान गेट बस्ती, मितई बस्ती, गिजरोली बस्ती और नंद राम बस्ती में आयोजित इन कार्यक्रमों में नगरवासियों की अच्छी संख्या में उपस्थिति रही। तरफरा बस्ती में आयोजित समारोह में मुख्य वक्ता अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य दिनेश ने संघ के 100 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संघ ने पूरे एक शताब्दी में हिंदू समाज को संगठित करने, राष्ट्र की सेवा और समाज में एकरूपता स्थापित करने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि भारत का इतिहास संघर्षों का रहा है और राष्ट्रविरोधी ताकतें देश को बांटने एवं कमजोर करने के प्रयास करती रही हैं, लेकिन संघ ने निरंतर समाज को जागरूक कर देश की सेवा की है।
वैभव नगर बस्ती में विजयदशमी उत्सव को संबोधित करते हुए जिला प्रचारक जयकिशोर ने कहा कि संघ का उद्देश्य हिंदू समाज का पुनर्जागरण है। संघ ने समाज में जो स्थान प्राप्त किया है, वह अपने सतत प्रयासों और समर्पित कार्यों से ही संभव हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि आज न केवल भारत में, बल्कि विश्व के कई हिस्सों में संघ के कार्यों की सराहना हो रही है। लेवर कॉलोनी बस्ती में नगर कार्यवाह भानु ने बताया कि शताब्दी वर्ष में संघ पंच परिवर्तन के माध्यम से समाज को दिशा देने का कार्य करेगा। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों से समाज के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। मितई बस्ती में आयोजित कार्यक्रम में नगर संघचालक डॉ. पी.पी. सिंह ने शताब्दी वर्ष के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संघ का प्रत्येक स्वयंसेवक राष्ट्र और समाज के लिए समर्पित होता है। उनका लक्ष्य देश का उन्नयन, विकास और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वदेशी अपनाने और राष्ट्रीय हित में कार्य करने की अपील की।
इस मौके पर नगर प्रचारक शिवम, विभाग सह संपर्क प्रमुख दुर्गेश, जिला बौद्धिक प्रमुख पवन शर्मा, जिला सेवा प्रमुख योगेश बागड़ी, जिला प्रचार प्रमुख आशीष सेंगर, नगर संघचालक डॉ. पी.पी. सिंह, सह नगर कार्यवाह टिंकू राना, सह नगर कार्यवाह अमित गौतम, नगर सह संपर्क प्रमुख वीरेंद्र माहौर, नगर सह सेवा प्रमुख राजू, नगर प्रचार प्रमुख सक्षम पाठक, राजू राना, वैभव मोहता, अनूप अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, योगेश पचौरी, सुभाष राना, सागर शर्मा, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, राम नारायण वर्मा, अखिलेश, बाजीराव, दीपक पवार, शरद तिवारी, विपिन भवानी शंकर फौजी, नरेंद्र तिवारी, रामकुमार कातिब, कृष्णगोपाल भारद्वाज, सुभाष आचार्य सहित अन्य प्रमुख स्वयंसेवक उपस्थित रहे। संघ द्वारा नगर में शताब्दी वर्ष में मनाए जाने वाले विजयदशमी उत्सव 5 अक्टूबर तक जारी रहेंगे। इस दौरान नगर की सभी बस्तियों और खंड के मंडलों में इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे समाज में संगठनात्मक एकता, राष्ट्रभक्ति और युवा पीढ़ी में राष्ट्रीय चेतना जागृत हो सके।