
सासनी 02 अक्टूबर । विद्यापीठ इंटर कॉलेज में महात्मा गांधी जी और लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. राजीव कुमार अग्रवाल और सभी शिक्षकों ने ध्वजारोहण किया तथा महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के छवि चित्र पर माल्यार्पण किया। प्रधानाचार्य डॉ. राजीव कुमार अग्रवाल ने बताया कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों को अपनाया और यही उनकी पहचान बनी। उन्होंने अपने जीवन में यह सिद्ध कर दिखाया कि सच्चाई की शक्ति और अहिंसा का मार्ग किसी भी बड़ी चुनौती का सामना कर सकता है। शिक्षक संजय कुमार ने महात्मा गांधी के जीवन और उनके व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि गांधी जी का पूरा नाम मोहनदास करमचंद गांधी था और उनका जन्म 2 अक्टूबर 1869 को गुजरात के पोरबंदर में हुआ। उनके पिता का नाम करमचंद गांधी और माता का नाम पुतलीबाई था। शिक्षक राजीव कुमार ने सत्य और अहिंसा की महत्ता समझाई। शिक्षक मुकेश दिवाकर ने कहा कि “खुद वह बदलाव बनें जो आप दुनिया में देखना चाहते हैं। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अशोक कुमार ने किया, जिन्होंने महात्मा गांधी का भजन “रघुपति राघव राजा राम पतित पावन सीताराम” प्रस्तुत किया। छात्रा कु. प्रियंका ने महिला सशक्तिकरण पर विचार साझा किए। इस अवसर पर अरुण कुमार कौशिक, संजय कुमार, राजीव कुमार, भारत सिंह, प्रियंका, विनय कुमार, नीरज गुप्ता, अशोक कुमार, महेंद्र प्रकाश सैनी, हनी वशिष्ठ, शिवम कुशवाहा, राम खिलाड़ी, राकेश कुमार, यश कुशवाहा, जितेंद्र कुशवाहा सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



















