
सादाबाद 01 अक्टूबर । मथुरा-एटा मार्ग पर बुधवार को तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक महिला सहित छह लोग घायल हो गए। इनमें से पति-पत्नी समेत तीन गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को आगरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पहली घटना सुबह कस्बा के मोहल्ला बरी निवासी भूरी सिंह और उसके मौसी के लड़के नितिन कुमार निवासी इटोरा, फिरोजाबाद के साथ हुई। वे सादाबाद सब्जी मंडी से लौट रहे थे, तभी थरौरा चौराहा पर गोवंश को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक फिसल गई। राहगीरों ने उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया, जहां भूरी सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है। शाम को इसी मथुरा-एटा मार्ग पर गांव सुल्तानपुर तिराहा के पास गांव सुल्तानपुर निवासी श्रीपाल यादव अपनी पत्नी के साथ आगरा जा रहे थे। तभी एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए। दोनों को गंभीर हालत में आगरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। श्रीपाल के पुत्र ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। तीसरी घटना में, उक्त मार्ग पर महरारा चौराहा के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार कालीचरण निवासी ककरारा, एटा को टक्कर मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे आगरा के अस्पताल में भर्ती कराया है। घायल के बड़े भाई रामपाल ने अज्ञात वाहन और उसके चालक के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।














