हाथरस 01 अक्टूबर । महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन के लिए संचालित मिशन शक्ति अभियान के पंचम चरण के तहत जनपद पुलिस लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में थाना हाथरस गेट और थाना सिकन्द्राराऊ पर स्थापित मिशन शक्ति केन्द्रों पर नियुक्त प्रशिक्षित महिला पुलिस कर्मियों, महिला बीट अधिकारियों एवं एंटी रोमियो टीम द्वारा न सिर्फ महिला संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है, बल्कि दंपतियों के बीच पारिवारिक विवादों का भी शांतिपूर्ण समाधान कराया जा रहा है।
प्रकरण-1 (थाना हाथरस गेट क्षेत्र)
एक महिला द्वारा अपने पति के विरुद्ध गाली-गलौज और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई गई थी। 1 अक्टूबर को मिशन शक्ति टीम ने दोनों पक्षों को बुलाकर धैर्यपूर्वक काउंसलिंग की। विभिन्न चरणों में समझाइश के बाद पति ने अपनी गलती स्वीकारते हुए भविष्य में विवाद न करने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद महिला ने अपना प्रार्थना पत्र वापस ले लिया। टीम के प्रयासों से दंपत्ति के बीच सौहार्द्रपूर्ण समझौता हुआ।
प्रकरण-2 (थाना सिकन्द्राराऊ क्षेत्र)
इसी तरह एक अन्य महिला ने भी अपने पति के खिलाफ मारपीट की शिकायत दी थी। 30 सितम्बर को मिशन शक्ति केन्द्र पर दोनों पक्षों की काउंसलिंग की गई। पति ने गलती मानते हुए भविष्य में विवाद न करने का वचन दिया। महिला ने भी अपना प्रार्थना पत्र वापस ले लिया। इस तरह दोनों के बीच समझौता कर नवजीवन की नई शुरुआत का मार्ग प्रशस्त हुआ।
सकारात्मक पहल
जनपद पुलिस की इस पहल से समाज में यह संदेश जा रहा है कि छोटी-छोटी गलतफहमियों को संवाद और परामर्श के जरिए सुलझाया जा सकता है। मिशन शक्ति टीम न केवल पारिवारिक कलह का निवारण कर रही है, बल्कि सामाजिक सौहार्द्र और पारिवारिक सुख-शांति की स्थापना भी सुनिश्चित कर रही है।