Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 29 सितम्बर।  हाथरस में पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने ‘मिशन शक्ति अभियान-5.0’ के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को समर्पित ‘Run For Empowerment’ मैराथन को बी.एल.एस. इंटरनेशनल स्कूल से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दौड़ चौकी औद्योगिक क्षेत्र तक आयोजित हुई। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर राजबहादुर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार, प्रभारी महिला थाना, प्रभारी निरीक्षक परिवार परामर्श केंद्र, पीआरवी वाहन दल, सभी थानों की महिला बीट आरक्षी, शिक्षिकाएं तथा विभिन्न विभागों की महिला कर्मचारीगण मौजूद रहे। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 20 सितम्बर 2024 को प्रदेशव्यापी मिशन शक्ति 5.0 चरण का वर्चुअल शुभारंभ किया था। इसी क्रम में प्रदेश के सभी 1,647 थानों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों का उद्घाटन किया गया, जहां महिलाओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। इसके साथ ही मिशन शक्ति केंद्रों से संबंधित SOP पुस्तिकाओं का विमोचन भी किया गया।

मैराथन में जनपद के विभिन्न विद्यालयों की 150 से अधिक छात्राओं एवं पुलिसकर्मियों ने प्रतिभाग किया और समाज को महिला सुरक्षा का सशक्त संदेश दिया। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली महिला प्रतिभागियों को पुलिस अधीक्षक ने सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कहा कि जब कोई बालिका दौड़ में भाग लेती है, तो वह केवल दौड़ नहीं रही होती, बल्कि वह अपने अधिकारों, आत्मबल और सपनों की ओर बढ़ रही होती है। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति केवल एक अभियान नहीं, बल्कि यह एक सामाजिक क्रांति है, जिसका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करना, सशक्त बनाना और उनके सम्मान की रक्षा करना है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिला सुरक्षा में समाज के हर वर्ग की सहभागिता जरूरी है, बिना इसके कोई भी प्रयास सफल नहीं हो सकता। छात्राओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि वे निर्भीक होकर अपने सपनों को साकार करें, प्रशासन और पुलिस हमेशा उनके साथ है। कार्यक्रम में महिलाओं और छात्राओं को केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न सुरक्षा सेवाओं और कल्याणकारी योजनाओं जैसे विमेन पावर हेल्पलाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर 181, साइबर हेल्पलाइन 1930, स्वास्थ्य सेवा 102, एम्बुलेंस सेवा 108, निराश्रित विधवा पेंशन योजना, जननी सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना आदि की जानकारी देकर जागरूक किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page