हाथरस 25 सितम्बर । जायंट्स ग्रुप ऑफ हाथरस गूंज द्वारा आयोजित जायंट्स सेवा समर्पण सप्ताह का समापन शहर के एक रेस्टोरेंट में भव्य समारोह के साथ हुआ। इस दौरान संस्था ने सेवा के पाँच प्रेरणादायक कार्य कर समाज के जरूरतमंद वर्गों की सहायता की और महान दिवस पर हाथरस की 17 प्रतिष्ठित विभूतियों को सम्मानित किया। दिव्यांग सेवा समिति को लगातार छठे महीने अनाज व खाद्य सामग्री प्रदान की गई। मीतई वृद्धाश्रम के वृद्धजनों को राशन वितरित किया गया। एक जरूरतमंद बालिका की छह महीने की स्कूल फीस व कॉपियां दी गईं। एक महिला को एक माह का संपूर्ण राशन और मिक्सर ग्राइंडर भेंट किया गया।
डॉ. भरत यादव द्वारा अंगदान व देहदान पर जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसके अंतर्गत दीप्ति वार्ष्णेय व कल्पना वार्ष्णेय ने मृत्यु उपरांत देहदान का संकल्प लिया। महान दिवस सम्मान समारोह में समाजसेवा, शिक्षा, चिकित्सा, पत्रकारिता आदि क्षेत्रों में योगदान देने वाली 17 विभूतियों को पटका, सम्मान पत्र व उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। दो पत्रकारों को भी विशेष रूप से स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष शरद महेश्वरी रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में बृजमोहन शर्मा, अशोक अग्रवाल, गुंजन दीक्षित, सीमा वार्ष्णेय, सोनल अग्रवाल, मदन मोहन वार्ष्णेय, डॉ. भरत यादव, डॉ. विकास शर्मा, डॉ. विजय आनंद, प्रेस क्लब अध्यक्ष उमाशंकर जैन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन दीप्ति वार्ष्णेय ने किया। इस दौरान संस्था की अध्यक्ष माधुरी वार्ष्णेय, आईपीपी दीप्ति वार्ष्णेय, सीमा शर्मा, रितु वार्ष्णेय सहित बड़ी संख्या में सदस्याएँ मौजूद रहीं। समारोह का समापन सामूहिक रात्रिभोज के साथ हर्षोल्लास और उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।