हाथरस 25 सितम्बर । नगर पालिका परिषद हाथरस के निवर्तमान अध्यक्ष पंडित आशीष शर्मा ने अपने आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के चिंतक, संगठनकर्ता एवं एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाई। इस अवसर पर सभी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के छायाचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व पालिका अध्यक्ष पंडित आशीष शर्मा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय भारतीय जनसंघ के अध्यक्ष रहे और उन्होंने भारत की सनातन विचारधारा को युगानुकूल रूप में प्रस्तुत करते हुए एकात्म मानववाद जैसी विचारधारा दी। वे समावेशी सोच के समर्थक थे और एक मजबूत, सशक्त भारत का सपना देखते थे। राजनीति के साथ-साथ साहित्य में भी उनकी गहरी रुचि रही। उन्होंने हिंदी और अंग्रेजी में अनेक लेख लिखे, जो विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुए।
श्री शर्मा ने कहा कि राजनीति में व्यंग्य और तंज को सकारात्मक ढंग से साधने की कला पंडित जी में रही। इसी गुण ने उन्हें एक प्रभावशाली नेता बनाया। उन्होंने कहा कि हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी में भी यही विशेषता मौजूद है। अंत में श्री शर्मा ने सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के दिखाए मार्ग पर चलकर समाज और राष्ट्र की सेवा करें। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष भाजपा मूलचंद वार्ष्णेय, नगर महामंत्री दिनेश शर्मा, नगर महामंत्री कृष्ण मुरारी वार्ष्णेय, शक्ति केंद्र संयोजक मनोज कुशवाहा, नगर उपाध्यक्ष रमेश राजपूत, दिलीप चौधरी, मनोज शर्मा, नवल नगर, ताराचंद माहेश्वरी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।