सिकंदराराऊ 23 सितम्बर। सिकंदराराऊ क्षेत्र के कासगंज रोड स्थित गांव गंथेरी शाहपुर में सोमवार की दोपहर विवाद के चलते दो पक्षों में जमकर फायरिंग हो गई। फायरिंग के दौरान मनीष पुत्र राजवीर सिंह नामक युवक छर्रे से घायल हो गया, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद गांव में भगदड़ और दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार मनीष अपने खेत पर कार्य कर रहा था, तभी कुछ लोग गाड़ी से पहुंचे और दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद अभद्रता एवं गाली-गलौज होने लगी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई। इस दौरान मनीष को छर्रा लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर काबू पाया। कोतवाली प्रभारी सिकंदराराऊ विजय कुमार सिंह ने बताया कि दो पक्षों में विवाद और फायरिंग की घटना हुई है। फिलहाल एक युवक को हिरासत में लिया गया है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।