हाथरस 12 सितंबर । पंडित किशोरी लाल स्मृति योग संस्थान की एक बैठक शुक्रवार को फौजी भवन, नवल नगर में आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता पूर्व प्रधानाचार्य श्री ओमप्रकाश गुप्ता ने की। बैठक का शुभारंभ डॉ. जितेंद्र स्वरुप शर्मा “फौजी”, पं. ऋषि कुमार कौशिक, डॉ. सतीश चंद्र शर्मा, रमेश मधुर और रूपराम शर्मा ने सामूहिक रूप से पंडित किशोरी लाल के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर किया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पंडित किशोरी लाल का 134वां जन्म स्मृति समारोह आगामी 14 सितंबर 2025 को श्री दाऊजी महाराज के 114वें द्वितीय प्रांतीय लक्खी मेले के अवसर पर भव्यता के साथ मनाया जाएगा। जनपद हाथरस के मेधावी छात्र-छात्राओं (हाईस्कूल व इंटरमीडिएट, सत्र 2024-25, 80% से अधिक अंक) को पुरस्कृत किया जाएगा। वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन होगा, विषय रहेगा – “क्या समाज के बदलते स्वरूप पर पाश्चात्य संस्कृति का प्रभाव है?” प्रतियोगिता में प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त विद्यालयों को “पं. किशोरी लाल स्मृति चल विजयंती शील्ड” और विजेताओं को विशेष पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। समारोह का आयोजन मुख्य मेला पंडाल (दंगल प्रांगण के सामने) अपराह्न 2:00 से 6:00 बजे तक होगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक संत प्रकाश ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को 12 सितंबर तक विद्यार्थियों की सूची प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। यदि किसी विद्यालय की अंकतालिका शेष रह गई है, तो 13 सितंबर को शाम 4 बजे तक संयोजक सत्येंद्र स्वरुप शर्मा को फौजी भवन, नवल नगर में उपलब्ध कराई जा सकती है। समारोह में शिक्षाविद, स्वतंत्रता सेनानी, समाजसेवी, वैज्ञानिक, धर्माचार्य, कवि, योगाचार्य, साहित्यकार, अधिवक्ता और प्रशासनिक अधिकारियों को भी “पंडित किशोरी लाल पदक” से सम्मानित किया जाएगा। आयोजन में अब तक बृजराज स्वरुप मिश्रा (मध्य प्रदेश) और पं. कमल किशोर शर्मा, अध्यक्ष अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा, दिल्ली की उपस्थिति की अनुमति प्राप्त हो चुकी है। साथ ही पद्मश्री भारत भूषण (अध्यक्ष, अंतर्राष्ट्रीय योग संस्थान एवं मुख्य संरक्षक) के भी शामिल होने की संभावना है। बैठक का समापन अध्यक्ष महोदय के धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ।