हाथरस 28 अगस्त । भाद्रपद शुक्ल पक्ष की गणेश चतुर्थी, बुधवार 27 अगस्त 2025 को श्री दाऊजी महाराज के 114वें लक्की मेले का शुभारंभ परंपरागत ढंग से किया गया। मेले का आरंभ श्री वेद भगवान सनातन धर्म सभा द्वारा आयोजित शोभायात्रा से हुआ। परंपरा के अनुसार, सर्वप्रथम कामेश्वर नाथ मंदिर में वेदाचार्यों व आचार्यों द्वारा गणेश जी और चारों वेदों का वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजन-अर्चन सम्पन्न कराया गया। शोभायात्रा का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ‘गुरुजी’, महोत्सव सभापति पं. शौर्य शर्मा, ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय, भाजपा जिला अध्यक्ष शरद महेश्वरी, डॉ. विकास शर्मा, डॉली माहौर, वासुदेव माहौर, एडवोकेट पारुल शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
शोभायात्रा कमला बाजार स्थित कामेश्वर नाथ मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों गुड़िहाई बाजार, गंगा महारानी मंदिर, हलवाई खाना, घंटाघर, सीकनापान गली और किला गेट होते हुए श्री दाऊजी महाराज मंदिर तक पहुँची। जगह-जगह शोभायात्रा का फूलों की वर्षा, मिष्ठान वितरण और पीतपटिका से स्वागत किया गया। भव्य रथ पर विराजमान गणेश जी और चारों वेदों के साथ कई झांकियाँ शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण रहीं। बड़ी संख्या में आचार्य, विद्वान, संतजन और श्रद्धालु इस शोभायात्रा में शामिल हुए। किला स्थित श्री दाऊजी महाराज मंदिर शिविर में विधि-विधान से कलश स्थापना एवं वेद भगवान की स्थापना की गई। इस धार्मिक अनुष्ठान का संचालन आचार्य कयूर दीक्षित, पं. गणेशचंद्र वशिष्ठ, पं. बागीष शर्मा, पं. गोवर्धन नाथ मिश्राचार्य परिवार और अन्य विद्वानों ने किया।
मेला मजिस्ट्रेट एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कलश स्थापना एवं आरती-वंदन का आयोजन सम्पन्न हुआ। वातावरण “श्री वेद भगवान की जय”, “दाऊजी महाराज की जय”, “हर हर महादेव”, “भारत माता की जय” के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने प्रसाद वितरण में सहभागिता की और मेला परिसर भक्तिभाव और उल्लास से सराबोर दिखाई दिया।