सिकंदराराऊ (हसायन) 28 अगस्त । नगर के मुख्य बाजार स्थित महामाई श्री गंगा मैया दरबार में बुधवार को श्रीराम युवा क्लब के तत्वावधान में प्राचीन श्रीरामलीला महोत्सव को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन समिति के पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से चयन किया गया। इसमें धर्मेन्द्र यादव को अध्यक्ष और अनमोल गुप्ता को कोषाध्यक्ष चुना गया, वहीं महोत्सव के संयोजक भी नियुक्त कर दिए गए। अध्यक्ष धर्मेन्द्र यादव व कोषाध्यक्ष अनमोल गुप्ता ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि इस बार प्राचीन श्रीरामलीला महोत्सव का आयोजन अत्यंत भव्य रूप में किया जाएगा। महोत्सव का शुभारंभ 15 सितंबर को अश्विन मास के कृष्ण पक्ष की नवमी तिथि से प्राचीन रामलीला मैदान में गणेश पूजा-अर्चना व ध्वज पदयात्रा के साथ होगा। कार्यक्रम के तहत 16 सितंबर को नगर में श्री हनुमान जी महाराज की शोभायात्रा, 17 सितंबर से प्राचीन हनुमान बगीची पर रामानंद सागर की श्रीरामायण का प्रोजेक्टर प्रसारण, 21 सितंबर को भगवान श्रीराम व भाइयों की बारात शोभायात्रा, तथा 23 सितंबर को श्रीराम की वनगमन लीला का आयोजन होगा। इसके साथ ही 1 अक्टूबर को महामाई महाकाली की झांकी शोभायात्रा निकाली जाएगी। 2 अक्टूबर को विजयदशमी पर रावण का पुतला दहन होगा, जबकि 3 अक्टूबर को विजय रथ शोभायात्रा और भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक लीला का आयोजन किया जाएगा। श्रीराम युवा क्लब ने नगरवासियों से आह्वान किया है कि वे इस पावन महोत्सव में बढ़-चढ़कर शामिल होकर भगवान श्रीराम की लीलाओं का रसपान करें।