Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 27 जुलाई । हरियाली तीज के पावन अवसर पर अलीगढ़ रोड स्थित श्री रामबाग इंटर कॉलेज में आज श्री हैहय वंशीय क्षत्रिय कांस्यकार समिति मातृ महिला ग्रुप द्वारा हरियाली तीज महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सजधज कर भाग लिया, जिससे पूरा आयोजन स्थल लोक-संस्कृति, परंपरा और सावन के उल्लास से सराबोर हो उठा। कार्यक्रम स्थल को हरियाली, फूलों और रंग-बिरंगे गुब्बारों से भव्य रूप से सजाया गया था। आयोजन की खास बात यह रही कि यहां एक विशेष रूप से सुसज्जित झूले की व्यवस्था की गई थी, जिसे गुब्बारों और फूलों से सुंदरता के साथ सजाया गया था। महिलाओं ने उस झूले पर बैठकर मल्हार गीत गाए और पारंपरिक तीज गीतों की स्वर लहरियों से समां बांध दिया। महोत्सव में महिलाओं द्वारा प्रस्तुत किए गए लोकगीत, मल्हार कविताएं और पारंपरिक नृत्य ने उत्सव को और भी जीवंत बना दिया। कार्यक्रम में मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के गेम्स का आयोजन भी किया गया, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आनंद लिया। कार्यक्रम में राधा वर्मा, वीना वर्मा, सुनीता वर्मा, रमा वर्मा, सीमा वर्मा, सुमन वर्मा, सुनीता बागड़ी, वंदना वर्मा, मेद्या वर्मा, सोनिया वर्मा, राहुल वर्मा, खुशबू वर्मा, श्वेता वर्मा, शैफाली वर्मा, पूजा वर्मा, रिंकी बागड़ी, सरोज वर्मा, मीनाक्षी वर्मा, रोशनी वर्मा और अर्चना वर्मा सहित अनेक महिलाओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का सफल संचालन यशवाला शर्मा द्वारा किया गया। आयोजन के अंत में श्री रामबाग इंटर कॉलेज की प्रबंध समिति द्वारा सभी उपस्थितों के लिए स्वल्पाहार (नाश्ते) की व्यवस्था की गई, जिससे सभी ने आत्मीयता और उत्सव का पूर्ण आनंद लिया। हरियाली तीज महोत्सव का यह आयोजन नारी सशक्तिकरण, संस्कृति संरक्षण और सामूहिक आनंद का एक अनुपम उदाहरण बनकर सामने आया |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page