हाथरस 26 जुलाई । जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीवी नाथ सिन्हा के साथ आज तहसील सासनी क्षेत्र के जवाहर नवोदय विद्यालय, पचौ मंदिर, अगसौली का औचक निरीक्षण कर विद्यालय में निवासरत छात्र-छात्राओं की शिक्षा, भोजन एवं स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कक्षा 12 (ए) विज्ञान तथा कक्षा 12 (बी) एवं (सी) वाणिज्य वर्ग की कक्षाओं का अवलोकन करते हुए जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके उपरांत उन्होंने ऑडिटोरियम हॉल, खेल मैदान और रसोईघर का भी निरीक्षण किया। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि भोजन मशीनों द्वारा तैयार किया जाता है — रोटियाँ, दाल और चावल भी पूरी तरह स्वचालित प्रणाली से बनते हैं। डीएम ने मेन्यू के अनुसार बने भोजन का स्वयं अवलोकन किया और भोजन की गुणवत्ता की सराहना की। गर्ल्स हॉस्टल का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने वहां साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक पाई, वहीं खेल मैदान में अत्यधिक घास होने पर तत्काल कटवाने के निर्देश दिए।
चिकित्सकीय कक्ष में तैनात स्टाफ नर्स सुमन तोमर से स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी लेते हुए डीएम ने निर्देश दिए कि बच्चों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण हों और मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। स्टाफ नर्स ने बताया कि वर्तमान में सभी छात्र-छात्राएं स्वस्थ हैं। प्रधानाचार्य डॉ. भगवान सिंह ने बताया कि विद्यालय में कुल 508 विद्यार्थी पंजीकृत हैं — जिनमें 337 छात्र एवं 171 छात्राएं हैं। शिक्षकों की संख्या 33 है (21 पुरुष व 12 महिलाएं), साथ ही 13 कार्यालय कर्मचारी, मेस में 5 कर्मचारी (2 कुक, 2 सहायक, 1 सुपरवाइजर) तथा 12 संविदा कर्मचारी कार्यरत हैं। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सासनी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, खंड विकास अधिकारी सासनी एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।