
हाथरस 23 जुलाई । खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जनपद में धान खरीद प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपादित कराने हेतु जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय के निर्देशानुसार अपर जिलाधिकारी (वि/रा)/जिला खरीद अधिकारी को प्रभारी अधिकारी नामित किया गया है। वे शासनादेशों के अनुसार जनपद में धान खरीद कार्य का अनुश्रवण एवं पर्यवेक्षण करेंगे। जिलाधिकारी द्वारा जनपद में कुल 13 धान क्रय केन्द्रों को अनुमोदन प्रदान किया गया है, जिनमें तहसील हाथरस – 02 केन्द्र, तहसील सादाबाद – 02 केन्द्र, तहसील सिकन्द्राराऊ – 07 केन्द्र एवं तहसील सासनी – 02 केंद्रों पर खरीद होगी।
धान खरीद एक अक्टूबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक की जाएगी। शासन द्वारा कृषकों को लाभ पहुंचाने हेतु कॉमन धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹2369 प्रति कुन्तल तथा ग्रेड ‘ए’ धान का मूल्य ₹2389 प्रति कुन्तल निर्धारित किया गया है। धान विक्रय के लिए खाद्य विभाग के पोर्टल www.fcs.up.gov.in पर पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। केवल पंजीकृत कृषकों से ही धान की खरीद की जाएगी। किसी भी प्रकार की शिकायत, सुझाव या समस्या के समाधान हेतु विभाग का टोल फ्री नम्बर 1800-1800-150 उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए जिला खाद्य विपणन अधिकारी से मोबाइल नम्बर 9415248592 पर संपर्क किया जा सकता है।