
हाथरस 23 जुलाई । राष्ट्रीय पशुरोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत एफ.एम.डी. (खुरपका-मुंहपका) टीकाकरण अभियान की शुरुआत आज कलेक्ट्रेट परिसर से हुई। जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने हरी झंडी दिखाकर प्रचार व टीकाकरण वाहन को रवाना किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा, एफ.एम.डी. जैसे संक्रामक रोग पशुओं के स्वास्थ्य व किसानों की आजीविका के लिए गंभीर खतरा हैं। यह टीकाकरण अभियान जनपद के पशुओं को इन रोगों से सुरक्षित रखने और पशुपालकों को आर्थिक क्षति से बचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि हर पशुपालक तक यह सेवा पहुंचे। यह अभियान 23 जुलाई से 05 सितंबर तक चलेगा। इस अभियान के लिए कुल 17 टीमें गठित की गई हैं, जो द्वार-द्वार जाकर टीकाकरण करेंगी। यह टीकाकरण पूर्णतः नि:शुल्क लगेगा। सभी गौशालाएं और गौ-आश्रय स्थल पहले टीकाकृत होंगे। टीम में उप मुख्य पशुचिकित्साधिकारी, पशुधन प्रसार अधिकारी, मोबाइल वेटरिनरी यूनिट और पशुमित्र शामिल हैं।मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. विजय सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान टीकाकरण के साथ-साथ भारत पशुधन ऐप पर संबंधित पशुपालक और पशुधन का विवरण उसी दिन अपलोड किया जाएगा। जिन पशुओं का अभी तक पंजीकरण नहीं हुआ, उनके कान में टैगिंग (छल्ला) कर पहले पहचान सुनिश्चित की जाएगी, तत्पश्चात टीका लगाया जाएगा। टीकाकरण के सफल संचालन हेतु डॉ. गोपाल सिंह को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। जिला मुख्यालय पर कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है, जिससे किसी भी जानकारी या सहायता के लिए संपर्क किया जा सकता है।
कंट्रोल रूम संपर्क नंबर – 8765957904, 8218379987