हाथरस 01 जुलाई । जायंट्स ग्रुप ऑफ़ हाथरस सहेली द्वारा डॉक्टर्स डे के पावन अवसर पर नगर के प्रसिद्ध चिकित्सकों डॉ. पूजा साहनी एवं डॉ. अमित साहनी के सम्मान में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दोनों चिकित्सकों को स्मृति चिह्न भेंट कर उनके स्वास्थ्य सेवा में अतुलनीय योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के दौरान दोनों विशेषज्ञों ने नागरिकों को स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़ी अहम जानकारियाँ दीं। डॉ. पूजा साहनी ने मधुमेह, उच्च रक्तचाप और तनाव जैसी बीमारियों के नियंत्रण पर बल देते हुए कहा “समय पर जाँच, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और मानसिक शांति — इन चारों के समन्वय से हम अधिकांश जीवनशैली रोगों से बच सकते हैं।”
डॉ. अमित साहनी ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए कहा कि इसके लिए समाज को सामूहिक रूप से आगे आना होगा। उन्होंने नशा मुक्ति अभियान को जन-जन तक पहुँचाने की आवश्यकता पर ज़ोर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं ग्रुप अध्यक्ष शालिनी वार्ष्णेय ने कहा, “एक डॉक्टर केवल रोगों का उपचार नहीं करता, वह जीवन को दिशा देता है। आज हमने समाज के इन सच्चे सेवकों का सम्मान कर अपने कर्तव्यों का एक छोटा-सा निर्वहन किया है।” कार्यक्रम में ग्रुप की अनेक सदस्याएं सादर उपस्थित रहीं और सभी ने चिकित्सकों को शुभकामनाएँ एवं बधाई देते हुए उनके सेवा कार्यों को नमन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल डॉक्टर्स को सम्मानित करना था, बल्कि जनमानस को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी रहा।