हाथरस 21 जून । बागला पी.जी. कॉलेज, हाथरस में आज 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन क्रीड़ा भारती हाथरस के सहयोग से किया गया। योग दिवस का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. महावीर सिंह छोंकर, क्रीड़ा भारती के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. सत्यदेव पचौरी, जिला अध्यक्ष डॉ. मनोज शर्मा, सचिव नरेश ठाकुर, कोषाध्यक्ष सचिन कुमार सिंह और सह सचिव नितिन बागला द्वारा हनुमान जी के छवि चित्र पर दीप प्रज्वलन कर किया गया।
प्रोफेसर डॉ. सत्यदेव पचौरी ने अपने वक्तव्य में प्राणायाम एवं योगासनों के शारीरिक और मानसिक लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने योग को तनावमुक्त जीवन और मानसिक शांति का सशक्त माध्यम बताया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. महावीर सिंह छोंकर ने छात्रों, खिलाड़ियों, एन.सी.सी. एवं एन.एस.एस. कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि यह एक जीवनशैली है, जो अनुशासन, एकाग्रता और स्वास्थ्य का मार्ग प्रशस्त करता है।
क्रीड़ा भारती के जिला अध्यक्ष डॉ. मनोज शर्मा ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की भावना को रेखांकित करते हुए सभी को योग को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि योग से ही व्यक्ति संपूर्ण रूप से स्वस्थ, जागरूक और आत्मविश्वासी बनता है। कार्यक्रम के उपरांत सभी प्रतिभागियों को अंकुरित चने एवं मट्ठा का स्वल्पाहार वितरित किया गया, जो स्वास्थ्यवर्धक भोजन को बढ़ावा देने की दिशा में एक सार्थक पहल रही। इस अवसर पर क्रीड़ा भारती के पदाधिकारियों, कॉलेज स्टाफ, एन.सी.सी. एवं एन.एस.एस. के कैडेट्स, हाथरस के खिलाड़ी, और शहर के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।